सोमवार, अक्टूबर 26 2026 | 11:56:38 PM |
कलाकर्म कहन देशज धनक रचना व्यक्तित्व समाचार स्पंदन

16 साल की लड़की ने लिखी अपनी पीढ़ी की बेचैनी… कविता में मौत, प्रेम, गुस्सा और उम्मीद… क्या नई पीढ़ी साहित्य में अपना दर्द खोज रही है?

स्पंदन डेस्क
4 Min Read

स्पंदन डेस्क, कभी कोई बूढ़ा आदमी दो पन्नों में पूरी जिंदगी लिख देता है और कभी कोई सोलह साल की लड़की ऐसी कविता लिख देती है कि पढ़ने वाला ठिठक जाता है.हैदराबाद की 16 साल की काव्या कोठा की पहली किताब ‘Echoes: Poems on Healing, Pain and Becoming’ इसी वजह से चर्चा में है. यह सिर्फ कविताओं की किताब नहीं है. इसमें कविताएं हैं, कहानियां हैं, स्केच हैं, पेंटिंग हैं और सबसे बढ़कर है—एक ऐसी किशोर उम्र की बेचैनी, जिसे अक्सर हम ‘आजकल के बच्चे’ कहकर टाल देते हैं.

काव्या ने किताब को चार हिस्सों में बांटा है—
Life and Death… Love and Loss… Pain and Anger… और Healing and Hope.

नाम पढ़ते ही समझ में आता है कि यह कोई हल्की-फुल्की किशोर कविता की किताब नहीं है. यह उस उम्र की डायरी जैसी है जिसमें दुनिया पहली बार बहुत बड़ी दिखाई देने लगती है. प्रेम भी पहली बार होता है. विछोह भी पहली बार महसूस होता है. गुस्सा भी पहली बार अपने पूरे आकार में सामने आता है. और कई बार मौत का विचार भी पहली बार सिर उठाता है.

काव्या की रचनाओं में कब्रिस्तान, स्वर्ग, नरक, खोपड़ी, फूल और बंदूक जैसे प्रतीक दिखाई देते हैं, लेकिन कहानी सिर्फ अंधेरे की नहीं है. किताब का आखिरी पड़ाव Healing and Hope है—यानी दर्द से निकलकर उम्मीद तक पहुंचने की कोशिश. और शायद यही इस किताब की सबसे महत्वपूर्ण बात है.

आज की Gen Z को अक्सर मोबाइल, सोशल मीडिया और रील्स की पीढ़ी कहकर समझ लिया जाता है. लेकिन सवाल यह है कि उस स्क्रीन के पीछे चल क्या रहा है? एक ऐसी पीढ़ी जो हजारों लोगों से ऑनलाइन जुड़ी है, फिर भी अकेलेपन की बात करती है. जो हर पल अपनी तस्वीर दुनिया के सामने रखती है, लेकिन अपने भीतर क्या चल रहा है, यह बताने में मुश्किल महसूस करती है. शायद इसीलिए कविता फिर लौट रही है क्योंकि कविता में आपको अपना दुख समझाने की जरूरत नहीं पड़ती. आप बस एक पंक्ति पढ़ते हैं और लगता है— अरे, यह तो मेरे बारे में लिखा है.

काव्या की किताब की कहानी इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि यह साहित्य की दुनिया में एक बड़ा बदलाव दिखाती है. अब लेखक बनने के लिए जरूरी नहीं कि पहले किसी बड़े साहित्यिक मंच तक पहुंच बनाई जाए. आज का युवा इंटरनेट पर लिखता है. पाठक वहीं मिलते हैं. प्रतिक्रिया वहीं मिलती है. और कई बार किताब भी वहीं से निकलती है. यानी साहित्य का रास्ता अब सिर्फ साहित्यिक पत्रिकाओं और प्रकाशकों से होकर नहीं जाता. कभी-कभी वह मोबाइल स्क्रीन से शुरू होता है और किताब के पन्नों तक पहुंच जाता है.

काव्या की कहानी को सिर्फ ‘16 साल की लड़की ने किताब लिखी’ कहकर खत्म कर देना आसान होगा. लेकिन असली सवाल इससे बड़ा है. हमारी नई पीढ़ी आखिर लिख क्या रही है? क्या वह प्रेम लिख रही है? या अकेलापन? वह भविष्य के सपने लिख रही है? या वर्तमान का डर? वह विद्रोह लिख रही है? या अपने भीतर शांति खोज रही है? शायद इन सबका जवाब एक साथ है. और यही साहित्य की खूबसूरती है.

साहित्य सिर्फ समाज का आईना नहीं होता. कई बार वह समाज के भीतर छिपी हुई आवाज को पहली बार सुनाई देता है. काव्या की किताब उसी आवाज की एक छोटी-सी मिसाल है. सोलह साल की उम्र में लिखी गई यह किताब हमें यह याद दिलाती है कि किशोर मन को सिर्फ सलाह की जरूरत नहीं होती. उसे सुने जाने की भी जरूरत होती है. और कभी-कभी वह खुद को सुनाने के लिए कविता लिखता है.

Related Post

Share This Article